देश में चल रहे लॉकडाउन के बीच एक्ट्रेस तापसी पन्नू ने गुरुवार (9 अप्रैल) को अपनी छोटी बहन शगुन और अपनी बेस्ट फ्रेंड जास्मिन को जन्मदिन की बधाई दी। इन दोनों का बर्थडे एक ही दिन आता है, इसलिए इस मौके पर तापसी ने उनके साथ सेलिब्रेट किए बर्थडे का पुराना वीडियो शेयर इंस्टाग्राम पर किया और बधाई देने के लिए एक लंबी सी पोस्ट लिखी।
अपनी पोस्ट में तापसी ने लिखा, 'इसे कहते हैं तारीख के अनुसार पुरानी चीज को याद करना। जब आपकी सबसे अच्छी दोस्त और आपकी बहन का जन्मदिन एक ही दिन आता हो, तब सबसे अच्छा विकल्प यही है कि इसे किसी आकर्षक जगह पर साथ में मनाएं। (हालांकि अंधेरे की वजह से इस वीडियो में हमारी आकर्षक जगह स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही है।)'
'शगुन और जास्मिन तुम्हारा जन्मदिन फिर से आ गया। लेकिन बस ये तय कर लेना कि उन्हें पता हो कि अगर जन्मदिन साथ में हो तो ऐसे में उन्हें कौन सा बर्थडे सॉन्ग गाना चाहिए।' आगे उन्होंने लिखा, 'अगली स्लाइड पर भी जाएं और देखें कि इन दिनों एक फोटोग्राफर का काम कितना कठिन हो गया है, खासकर जब उसे दोनों केक की तस्वीर एक फ्रेम में लेना हो। यही संघर्ष वास्तविक है।'#Throwback #Archive #QuarantinePost
इसलिए किया बर्थडे सॉन्ग का जिक्र
शेयर किए वीडियो में दोनों 'बर्थडे गर्ल्स' केक काटने के बाद पहले 'हैपी बर्थडे टू यू गाती हैं', फिर कोई टोकता है तो 'हैपी बर्थडे टू अस' गाने लगती हैं। इसलिए तापसी ने अपनी पोस्ट में बर्थडे सॉन्ग को लेकर स्पष्टता रखने वाली बात को लिखा। वहीं अगली स्लाइड वाले जिस फोटो का जिक्र उन्होंने किया, वो भी उन्होंने खुद लिया था। इसके अलावा उन्होंने अपनी इंस्टा स्टोरी पर भी एक स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसमें वे अपनी दोस्त जास्मिन से बात करती नजर आ रही हैं। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'हैपी बर्थडे टू द ऑस्ट्रेलियन जास्मिन'।
0 टिप्पणियाँ