उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में तिहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है। यहां एत्माउद्दौला थाना क्षेत्र के नगला किशनलाल में परचून कारोबारी और उसकी पत्नी व जवान बेटे की धारदार हथियार से हमलाकर हत्या कर दी गई। हत्यारों ने वारदात से पहले तीनों के हाथ पैर बांध दिए थे। हत्या करने के बाद शवों के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाने की भी कोशिश की गई। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस को झुलसे अवस्था में तीनों के शव बरामद हुए हैं। पुलिस वारदात की वजह तलाशने में जुटी है।
घर पर थी परचून की दुकान
नगला किशनलाल निवासी रघुवीर (55 साल) घर में ही परचून की दुकान चलाते थे। परिवार में पत्नी मीरा (52 साल) और 22 साल का बेटा बबलू था। रविवार शाम को रघुवीर ससुराल से लौटकर घर आए थे। सोमवार सुबह आसपड़ोस के लोग कुछ सामान खरीदने दुकान पर गए। लेकिन दुकान बंद थी। लोगों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद लोगों ने घर के भीतर झांककर देखा तो धुआं निकल रहा था। अनहोनी की आशंका पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचित किया।
भीतर का नजारा देख दंग रह गए लोग
कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह दरवाजा खोला। पुलिस घर के भीतर दाखिल हुई तो नजारा देखकर सभी दंग रह गए। रघुवीर, मीरा और बबलू के शव एक ही कमरे में झुलसे हालत में पड़े थे। मां मीरा और बेटे बबलू के हाथ पैर बंधे थे। जबकि रघुवीर के गले में फंदा पड़ा हुआ था। इसके बाद आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अजय आनंद, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ए सतीश गणेश और एसएसपी बबलू कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
घटना की वजह क्या? अभी नहीं जवाब
पुलिस पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है। आखिर घटना के पीछे वजह क्या है और घटना को अंजाम देने वाले कौन हैं? इसका जवाब तलाशने में पुलिस जुटी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2QDDcXB
via
0 टिप्पणियाँ