अमेरिका ही नहीं, दुनिया के शीर्ष शहरों में शुमार न्यूयॉर्क इस समय कोरोनावायरस का एपिसेंटर बना हुआ है। इस बीच न्यूयॉर्क राज्य के गवर्नर एंड्रयू क्यूमो ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि महामारी का खतरा कुछ कम हुआ है। बीते काफी समय से हमारे यहां संक्रमण काफी ज्यादा रहा है। अभी हमने आधा रास्ता ही तय किया है, लिहाजा और सावधानी बरतने की जरूरत है।
क्यूमो ने यह भी कहा, ‘‘स्थितियां इस बात पर निर्भर करेंगी कि हम क्या कदम उठाते हैं, लेकिन इस वक्त हमारे यहां संक्रमण में कुछगिरावट आई है। न्यूयॉर्क सिटी के सेंट्रल पार्क में फील्ड हॉस्पिटल बनाया गया है। राज्य में शटडाउन 15 मई तक बढ़ा दिया गया है। ऐसे में लोग घर पर ही रहें। जिन्हें बहुत जरूरी हो, वे ही बाहर निकलें। ’’
अब हालातकुछ बेहतर हैं
क्यूमो के मुताबिक, ‘‘बीते काफी दिनों से सिर्फ कोरोना के मामले बढ़ने और मौतों की खबर आ रही थी, लेकिन अब हालात कुछ स्थिर हुए हैं। यह घमंड करने का मौका नहीं है। हमें लंबी दूरी तय करना है और काफी काम करने हैं। अभी तक वायरस हमसे आगे रहा है। हमें उसे हराना है, यह हर हाल में सुनिश्चित करना है। अभी हमने केवल आधा रास्ता ही तय किया है। मामले बढ़ नहीं रहे, उनकी गति धीमी हुई है।’’
अमेरिका: 24 घंटे में 1,997 लोगों की जान गई
अमेरिका में 24 घंटे में 1,997 लोगों की जान गई है। इसके साथ ही यहां मौतों का आंकड़ा 41 हजार के पार हो गया है। यहां अब तक संक्रमण के सात लाख 63 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। न्यूयॉर्क में 24 घंटे में 507 लोगों की मौत हुई है। एक दिन पहले यहां 778 जान गई थी। राज्य में अब तक 18 हजार 298 लोगों की मौत हो चुकी है।
0 टिप्पणियाँ